देवघर: शहर के सुभाष चौक स्थित साईं राम हॉस्पिटल में इलाज के दौरान बीती रात एक महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान देवघर के हिरणा निवासी रवीना खातून के रूप में की गई है. परिजनों के अनुसार, प्रसव पीड़ा के बाद रवीना को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उसने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया, लेकिन महज एक घंटे बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई.

घटना के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना है कि रवीना पूरी तरह स्वस्थ थी और केवल प्रसव के लिए लाई गई थी. लेकिन अस्पताल की लापरवाही और इलाज में कोताही के कारण ही उसकी मौत हुई है. आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद रवीना की हालत बिगड़ती रही, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने समय रहते उचित कदम नहीं उठाए.
परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले को दबाने की कोशिश की और उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी. इससे आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल के बाहर जुटकर विरोध प्रदर्शन करने लगे. स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया.
फिलहाल मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जानकारी ली है. सूत्रों के अनुसार, पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि अस्पताल की लापरवाही पाई जाती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस घटना से मृतका का परिवार सदमे में है. घर में नवजात बच्चे की किलकारियां गूंज रही हैं, वहीं मां की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डाल दिया है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
