देवघर: पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरगना को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के कोल्हड़िया ढोढवा गांव निवासी राजेश कुमार मंडल के रूप में हुई है.

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजेश मंडल के घर में चोरी की मोटरसाइकिल छिपाकर रखी गई है. सूचना के आधार पर छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान एक चोरी की बाइक बरामद की गई और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तारी के बाद कड़ी पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने उसी गांव में अन्य ठिकानों पर भी दबिश दी. इस दौरान 50 वर्षीय गोविंद मंडल, 24 वर्षीय सुम्बय महित्य और 35 वर्षीय रामधन मंडल के घर से भी चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई.
एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि इस कार्रवाई से वाहन चोरी गिरोह से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. पुलिस पूरे नेटवर्क का जल्द खुलासा करने में जुटी है. फिलहाल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
