देवघर: मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जहां बाबा बैद्यनाथ धाम से पूजा कर बासुकीनाथ जा रही कांवरियों से भरी बस गैस सिलेंडर से लदे ट्रक से टकरा गई. इस हादसे में बस के चालक सहित पांच कांवरियों की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य घायल हो गए हैं.

स्थानीय रामानुज यादव के अनुसार, बस में सवार श्रद्धालु बाबा धाम से पूजा अर्चना कर बासुकीनाथ जा रहे थे. मोहनपुर थाना क्षेत्र के नवापुर के पास अचानक बस ड्राइवर को झपकी लग गई और बस सीधे एक गैस सिलेंडर लदे ट्रक से टकरा गई. टक्कर के बाद बस तकरीबन 500 मीटर तक चलती रही और जमुनिया चौक के पास सड़क किनारे रखी ईंटों से टकरा गई.
हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद बस में सवार चार लोगों की भी मौत हो गई. वहीं 23 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की जानकारी मिलते ही मोहनपुर थाना की पुलिस, सीसीआर डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद, एसडीओ रवि कुमार, सिविल सर्जन युगल किशोर चौधरी और जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी घटनास्थल पर पहुंचे. जिप अध्यक्ष किरण कुमारी ने कहा कि यह हादसा बस ड्राइवर की लापरवाही से हुआ है. डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हो चुकी है और घायलों का इलाज जारी है. सिविल सर्जन युगल किशोर चौधरी ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल इलाज दिया जा रहा है. डॉक्टरों की विशेष टीम लगाई गई है. जिनकी स्थिति गंभीर है, उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है.

