देवघर: जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के मल्हरा गांव में शनिवार दोपहर वज्रपात की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान वकील ठाकुर के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि वकील ठाकुर मेला देखने गए थे और घर लौटने के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई. इसी बीच वे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के बाद गांव में मातम का माहौल छा गया. मृतक के घर में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि वकील ठाकुर अपने मिलनसार स्वभाव और सहयोगी व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे, उनकी अचानक मौत से पूरा गांव सदमे में है.
घटना की सूचना मिलते ही मोहनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

