देवघर: जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के गिधनी गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया. घटना में युवक बिहारी महता गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल देवघर सदर अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया. डॉक्टरों की टीम ने त्वरित उपचार शुरू कर दिया है.

उधर घटना की सूचना पर जसीडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. घायल बिहारी महता ने बताया कि कुछ लोगों ने जान से मारने की नीयत से उस पर धारदार हथियार से वार किया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया. वहीं घायल की पत्नी सुमन कुमारी ने भी हमलावरों पर पूर्व की रंजिश को लेकर हमला करने का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. घायल का इलाज देवघर सदर अस्पताल में चल रहा है.

