देवघर: अंतरराज्यीय बस अड्डे में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया. जहां बस अड्डे के अंदर मां भवानी शंकर बस के नीचे से बस ड्राइवर का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान बांका जिला के सनजा गांव निवासी आशीष यादव के रूप में हुई है.

घटना को लेकर बताया जा रहा है कि देर रात बस अड्डे में बस खड़ी थी. इसी दौरान बस का खलासी ड्राइविंग सीख रहा था. उसी वक्त ड्राइवर आशीष यादव बस के चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद से बस का खलासी फरार बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही जसीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. घटना के बाद से बस अड्डे परिसर में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बस अड्डा प्रशासन और बस संचालकों की लापरवाही से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं.

