हजारीबाग: झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा 2023 का परिणाम जारी होने के बाद हजारीबाग जिले के बरकट्ठा प्रखंड के केंदुआ गांव के राजेश रजक ने अपनी संघर्षपूर्ण सफलता की कहानी लिखी है. राजेश ने 271वीं रैंक हासिल कर झारखंड जेल सेवा में चयन पाया है.

राजेश के पिता का निधन वर्ष 2017 में तब हो गया था जब वे 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे. परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी, पिता के निधन से हालात और कठिन हो गए. राजेश की मां एक स्कूल में रसोईया हैं और भाई मुंबई में मजदूरी का काम करते हैं. इस बीच राजेश ने गांव के सरकारी स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा ली और हजारीबाग से इंटरमीडिएट व स्नातक पूरा किया.
पढ़ाई छोड़ने की नौबत आने पर उन्होंने एक निजी स्कूल में ₹6000 मासिक वेतन की नौकरी की. इसके बाद रांची में उच्च शिक्षा के दौरान दिन में डिलीवरी बॉय का काम और रात में पढ़ाई जारी रखी. जीवन के इस कठिन दौर में उन्होंने हार नहीं मानी. छठी से दसवीं तक संयुक्त जेपीएससी परीक्षा का विज्ञापन निकलने पर राजेश ने नौकरी छोड़ पूरी तरह पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित किया.
पहले प्रयास में प्रारंभिक परीक्षा पास कर आत्मविश्वास पाया, लेकिन मुख्य परीक्षा में असफल रहे. इसी आत्मविश्वास और लगन के दम पर उन्होंने फिर से तैयारी की और इस बार सफलता हासिल की. उनकी मां जानकी देवी ने कहा कि बेटा बचपन से ही मेहनती रहा है और आज उसकी मेहनत रंग लाई है. राजेश की सफलता से पूरे गांव और जिले में खुशी का माहौल है. यह उपलब्धि संघर्ष, मेहनत और धैर्य की मिसाल बन गई है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
