दिल्ली: लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण विस्फोट के बाद राजधानी दिल्ली में सुरक्षा और राहत व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार सक्रिय हो गई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देर रात लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों का हाल जाना और अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट ली.

अस्पताल में अमित शाह ने दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की. उन्होंने सभी घायलों को सर्वोत्तम इलाज मुहैया कराने और पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए.
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने कहा-
“आज शाम दिल्ली में हुए विस्फोट में अपनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. प्रभावित लोगों की सहायता अधिकारी कर रहे हैं. गृह मंत्री अमित शाह जी और अन्य अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की है.”
सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्रालय ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को जांच के लिए तैयार रहने को कहा है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल घटनास्थल से सबूत जुटा रही है और प्रारंभिक जांच में विस्फोट के पीछे के कारणों की पड़ताल की जा रही है.

