आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai केंद्र सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को गति देने और कोल्हान क्षेत्र के औद्योगिक कौशल को देश की सुरक्षा जरूरतों से जोड़ने के उद्देश्य से आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में 16 और 17 जनवरी को दो दिवसीय एमएसएमई डिफेंस कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा. यह राज्य स्तरीय सम्मेलन स्थानीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को रक्षा निर्माण से जुड़े अवसरों से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है.

कॉन्क्लेव का उद्घाटन 16 जनवरी को केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ करेंगे. उद्घाटन समारोह में पूर्व एयर चीफ मार्शल अरूप राहा सहित रक्षा मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इस अवसर पर आर्मी बैंड की विशेष प्रस्तुति भी आयोजित की जाएगी.
सम्मेलन को लेकर आयोजकों ने बताया कि देश की प्रमुख 60 रक्षा इकाइयों द्वारा अपने स्टॉल की बुकिंग कराई जा चुकी है. इनमें म्यूनिसन्स इंडिया, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, बीईएमएल सहित कई बड़ी रक्षा कंपनियां शामिल हैं.
कॉन्क्लेव के दौरान बी2बी मीटिंग्स, तकनीकी सेमिनार और कार्यशालाओं का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि स्थानीय उद्यमियों को रक्षा क्षेत्र में उपलब्ध योजनाओं, तकनीकी आवश्यकताओं और व्यापारिक अवसरों की विस्तृत जानकारी मिल सके.
आदित्यपुर स्माल इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल और सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मानव केडिया ने बताया कि यह पहल कोल्हान क्षेत्र के उद्योगों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी और झारखंड को रक्षा आपूर्ति श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनाने में सहायक होगी.
इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में एसिया के पूर्व महासचिव दशरथ उपाध्याय, कोषाध्यक्ष राजकुमार संघी, पूर्व कोषाध्यक्ष रतनलाल अग्रवाल, पूर्व उपाध्यक्ष राजीव रंजन मुन्ना, पिंकेश माहेश्वरी, प्रदीप जैन, स्वपन मजूमदार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

