जमशेदपुर/ Prerna Ojha जिला समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्रामीण उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डेविड बलिहार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव सहित सभी बीडीओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि अनुसूचित जनजाति बहुल एवं विशेष रूप से संवेदनशील जनजाति समूह को लक्षित कर ये योजनाएं चलाई जा रही हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में पारदर्शिता और तेजी आवश्यक है. उन्होंने सभी अधिकारियों को क्षेत्रीय भ्रमण और नियमित निगरानी को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.
धरती आबा अभियान के तहत 6 प्रखंडों के 16 पंचायतों में जनजातीय बहुउद्देशीय सामुदायिक केंद्र स्थापित किए जाने हैं. अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालयों के जीर्णोद्धार के लिए 5 तथा नये छात्रावास निर्माण हेतु 7 प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं. पर्यटन संवर्द्धन के तहत घाटशिला क्षेत्र में 14 होम स्टे चिन्हित किए गए हैं. मत्स्य विभाग द्वारा बर्फयुक्त पेटी के साथ 2 दोपहिया और 1 तीनपहिया वाहन वितरण का लक्ष्य रखा गया है. प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत जिले में वर्तमान में 9 वन धन विकास केंद्र संचालित हैं. स्थायी आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि हस्तांतरण व सीमांकन पर चर्चा हुई. 5 प्रखंडों में 17 बहुउद्देशीय केंद्रों के निर्माण का प्रस्ताव भी सामने आया. स्वीकृत 8 सड़क निर्माण योजनाओं पर शीघ्र निविदा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए.
बैठक में यह भी समीक्षा हुई कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत 1214 आवासों के निर्माण की प्रगति धीमी है. उपायुक्त ने इस पर अप्रसन्नता जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि 2 अक्टूबर तक सभी आवासों का निर्माण पूरा होना चाहिए. साथ ही पिछड़ी जनजाति बहुल टोलों में पेयजल आपूर्ति और मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना से छूटे गाँव-टोलों में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
