भागलपुर: विश्व मातृभाषा दिवस के अवसर पर अंग प्रदेश की सांस्कृतिक धरती भागलपुर स्थित गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र में रविवार को अंगिका साहित्य महोत्सव सह दानवीर कर्ण राष्ट्रीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन युग चेतना फाउंडेशन, अंग-जन-गण, अंग मदद फाउंडेशन तथा अंगिका महासभा फाउंडेशन के तत्वावधान में हुआ.

समारोह में आधुनिक समकालीन कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में देशहित में उत्कृष्ट योगदान के लिए बिहार के विश्वविख्यात अंतरराष्ट्रीय रेत कलाकार मधुरेंद्र कुमार को अंगवस्त्र व स्मृति- चिन्ह प्रदान कर ‘दानवीर कर्ण राष्ट्रीय सम्मान’ से सम्मानित किया गया. आयोजकों ने कहा कि जिस प्रकार अंग प्रदेश के महादानी कर्ण ने दान और त्याग की परंपरा स्थापित की, उसी प्रकार मधुरेंद्र कुमार ने अपनी कला को समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित किया है. उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर रेत कला का सृजन कर देश- विदेश में भारत की पहचान मजबूत की है.
उल्लेखनीय है कि अपनी रेत कलाकृतियों के दम पर मधुरेंद्र कुमार 50 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से अलंकृत हो चुके हैं. वर्ष 2023 में उनका नाम ‘ग्रेट पर्सनैलिटीज ऑफ बिहार’ पुस्तक में शामिल किया गया. वर्ष 2025 में लिम्का बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकार्ड्स तथा एशियन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकार्ड्स में और वर्ष 2026 में यूनाइटेड नेशन्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी उनका नाम दर्ज किया गया. इसके अतिरिक्त उन्हें नेपाल में भारत- नेपाल मैत्री अंतरराष्ट्रीय सम्मान, भूटान में बेस्ट सैंड स्कल्प्चर ऑफ द ईयर अवॉर्ड, रवि वर्मा राष्ट्रीय सम्मान, तिलका मांझी राष्ट्रीय सम्मान, डॉ. भीमराव अंबेडकर राष्ट्रीय सम्मान, भारत गौरव अवार्ड, बिहार गौरव अवार्ड, चंपारण गौरव अवार्ड, चंपारण रत्न तथा मगध रत्न जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से भी सम्मानित किया जा चुका है.
इस अवसर पर डॉ. डी.पी. सिंह, डॉ. शंभू दयाल खेतान, प्रो. डॉ. रतन कुमार मंडल, डॉ. अमरेंद्र, डॉ. सुधीर मंडल तथा वरिष्ठ पत्रकार प्रसून लतांत सहित कई बुद्धिजीवियों और गणमान्य लोगों ने मधुरेंद्र कुमार को बधाई दी. वक्ताओं ने कहा कि उनकी उपलब्धियां न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय हैं. समारोह में बड़ी संख्या में साहित्यकार, कलाकार और अंगिका भाषा- संस्कृति प्रेमी उपस्थित रहे.

