पटना: विश्व मातृभाषा दिवस के अवसर पर 22 फरवरी 2026 को बिहार के अंग प्रदेश स्थित भागलपुर में आयोजित अंग अंगिका साहित्य महोत्सव में अंतर्राष्ट्रीय रेत शिल्पकार मधुरेंद्र कुमार को प्रतिष्ठित ‘दानवीर कर्ण राष्ट्रीय सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा.

इस संबंध में जनसत्ता के वरिष्ठ पत्रकार प्रसून लतांत ने व्हाट्सएप के माध्यम से आमंत्रण पत्र भेजकर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि युग चेतना, अंग जन गण, अंग मदद एवं अंगिका सभा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस साहित्यिक- सांस्कृतिक महोत्सव में अंगिका भाषा, साहित्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा. भारतीय समकालीन कला के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान के लिए मधुरेंद्र कुमार का चयन किया गया है.
बताया गया कि मधुरेंद्र कुमार ने अपनी रेत कला के माध्यम से देश और विदेश में भारतीय संस्कृति, सामाजिक सरोकार और मानवीय मूल्यों का प्रभावशाली संदेश दिया है. उनकी कलाकृतियों ने अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत और बिहार का मान बढ़ाया है.
अंगिका साहित्य महोत्सव में उन्हें ‘दानवीर कर्ण राष्ट्रीय सम्मान’ से अलंकृत किया जाना अंग प्रदेश सहित पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है. कार्यक्रम में देशभर के साहित्यकार, कलाकार, भाषा प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता भाग लेंगे.
विश्व मातृभाषा दिवस पर आयोजित यह समारोह अंगिका भाषा के संवर्धन और क्षेत्रीय सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.

