बोकारो: पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है. जहां गुप्त सूचना के आधार पर चीराचास थाना क्षेत्र अंतर्गत वैष्णवी कॉम्पलेक्स, डी-ब्लॉक के फोर्थ फ्लोर स्थित एक फ्लैट में छापेमारी कर साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया गया है. इस कार्रवाई में गिरोह के मास्टरमाइंड समेत कुल छह साइबर अपराधियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है.

एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि गुप्त जानकारी के अनुसार 11 जनवरी की रात्रि करीब 10 बजे वरीय पदाधिकारी से सूचना मिलने के बाद बोकारो पुलिस की तकनीकी शाखा को प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जानकारी मिली थी. तकनीकी जांच के दौरान मोबाइल नंबर 7307161252 का लोकेशन ट्रेस किया गया, जिसके आधार पर चीराचास थाना क्षेत्र स्थित उक्त फ्लैट में विधिवत छापेमारी की गई.
छापेमारी के दौरान फ्लैट में मौजूद छह व्यक्ति मोबाइल फोन के जरिए साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देते हुए पाए गए. पुलिस ने सभी को मौके से गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के पास से 13 एंड्रॉयड की-पैड मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद, विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड, एचडीएफसी बैंक की पासबुक, लेन-देन से संबंधित पांच कॉपियां और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं. बरामद सामग्री से यह स्पष्ट हुआ है कि गिरोह संगठित रूप से साइबर ठगी का नेटवर्क चला रहा था.
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में प्रिंस कुमार, निवासी शेखपुरा, बिहार, इस साइबर ठगी गिरोह का मास्टरमाइंड है. उन्होंने बताया कि प्रिंस कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह लंबे समय से साइबर ठगी के धंधे में संलिप्त था. एसपी ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि पूछताछ के दौरान साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं.

