सरायकेला: राष्ट्रीय संविधान दिवस के अवसर पर सरायकेला नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी मनोज कुमार चौधरी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें भारत के संविधान की महत्ता, उसके मूल सिद्धांतों और लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने का अवसर देता है. संविधान हमारे राष्ट्रीय चरित्र, पहचान और विकास की आधारशिला है.

मनोज चौधरी ने कहा कि हमारे संविधान निर्माताओं का उद्देश्य था कि यह दस्तावेज देश की सामूहिक और व्यक्तिगत गरिमा तथा स्वाभिमान को सुरक्षित करे. संविधान केवल कानूनों का संग्रह नहीं, बल्कि यह भारत की आत्मा है जो अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है.
उन्होंने संविधान की मूल प्रति में मौजूद नटराज, श्रीकृष्ण, भगवान बुद्ध और शतदल कमल जैसी चित्र आकृतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये हमारे देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक हैं. ये चित्र जीवन की गतिशीलता, आध्यात्मिक शांति, गीता के संदेश, तथा भारतीय दर्शन की गहराई को दर्शाते हैं.
उन्होंने सभी से संविधान के मूलभूत सिद्धांतों को अपनाने तथा समाज और राष्ट्र को एक बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने की अपील की.

