चक्रधरपुर: कोल्हान नितिर तुरतुंग चक्रधरपुर के तत्वावधान में आयोजित होम गार्ड की भर्ती के लिए आयोजित शारीरिक परीक्षा में क्षेत्र के युवाओं और युवतियों ने बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया. यह दो दिवसीय परीक्षा 18 और 19 जुलाई को शांति नगर मैदान, सिलफोड़ी में आयोजित की गई थी.

18 जुलाई को 105 युवकों ने परीक्षा दी, जबकि 19 जुलाई को 182 युवतियों ने शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन किया. युवतियों की इतनी बड़ी संख्या यह साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियां भी देश सेवा के लिए सरकारी नौकरी प्राप्त कर समाज और राज्य के विकास में योगदान देना चाहती हैं. उनका यह उत्साह और जज्बा सभी के लिए प्रेरणादायक है. परीक्षा में रनिंग, शॉर्ट पुट, हाई जंप और लॉन्ग जंप जैसे इवेंट कराए गए. पूर्व में सभी अभ्यर्थियों को गहन प्रशिक्षण भी दिया गया था. कार्यक्रम में संस्थान के उपाध्यक्ष एवं फिजिकल प्रशिक्षक दया सागर केराई, अध्यक्ष एवं पूर्व सैनिक माझी राम जामुदा, पूर्व सैनिक सह इटोर पंचायत मुखिया सोमनाथ कोया, पूर्व सैनिक राम बोदरा, कार्यालय सचिव हेमंत सामड, सिकंदर सोय और आर्मी के JEO बिर सिंह पुरती उपस्थित रहे. सभी ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. गौरतलब है कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में भी होम गार्ड भर्ती प्रक्रिया 20 जुलाई से शुरू हो रही है.

