चांडिल: अनुमंडल के चौका थाना परिसर में शनिवार को आगामी होली पर्व के मद्देनज़र शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही.

बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी सोनू कुमार ने की.
इस दौरान होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. उपस्थित लोगों से अपील की गई कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आपसी भाईचारे की मिसाल कायम रखें. प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए कि डीजे और साउंड सिस्टम निर्धारित समय सीमा के भीतर ही बजाए जाएं. अश्लील गीतों और हुड़दंग पर सख्ती से रोक रहेगी. जबरन रंग लगाने, शराब पीकर उपद्रव करने और कानून- व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई.
संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा पुलिस गश्ती बढ़ाने का निर्णय लिया गया. सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर भी नजर रखने की बात कही गई.

जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया. सभी ने एक स्वर में शांति, सद्भाव और पारंपरिक उल्लास के साथ होली मनाने का संकल्प लिया. बैठक के अंत में लोगों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके.

