सरायकेला: जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनालतार निवासी फरार वारंटी मंटू दास उर्फ भंटू दास, पिता नीलू दास, के घर पर न्यायालय से जारी वारंट चस्पा किया गया है. पुलिस टीम ने न्यायालय के आदेश का अनुपालन करते हुए आरोपी को शीघ्र आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है.

थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित आधा दर्जन से अधिक गैर जमानती वारंट निर्गत हैं. लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आरोपी निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करता है तो उसके खिलाफ कुर्की- जब्ती की कार्रवाई की जाएगी. इसके लिए न्यायालय से कुर्की वारंट निर्गत कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. साथ ही परिजनों को भी विधिसम्मत सूचना दे दी गई है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत थाना को सूचित करें.

