चांडिल: अनुमंडल के चौका थाना पुलिस द्वारा दुबराजपुर गांव में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत एक दिवसीय फुटबॉल एवं हॉकी मैच का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चांडिल, पुलिस निरीक्षक चांडिल, चौका थाना में पदस्थापित एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारी- कर्मी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

इस अवसर पर स्थानीय युवाओं के बीच खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतियोगिता आयोजित की गई. मैच के बाद खिलाड़ियों को खेल से संबंधित कीट एवं जर्सी का वितरण किया गया. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास कायम करना है. खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और नशामुक्त, अपराधमुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया.
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और युवाओं में उत्साह देखने को मिला. उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रखने की मांग की.

