चांडिल: सरायकेला जिले में शनिवार को हुए बड़े पैमाने पर पुलिस पदाधिकारियों के तबादले और पदस्थापन के बीच चौका थाना प्रभारी के रूप में सोनू कुमार ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया है. उन्होंने निवर्तमान थाना प्रभारी बजरंग महतो से कार्यभार संभाला. पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में कई पदों पर महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, जिसके तहत सोनू कुमार को चौका थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि बजरंग महतो को ईचागढ़ थाना प्रभारी बनाया गया है.

पदभार ग्रहण करने के बाद सोनू कुमार ने कहा कि अपराध पर लगाम लगाना उनकी शीर्ष प्राथमिकता रहेगी. उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने जो जिम्मेदारी उन्हें दी है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे. इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र के लोगों से समन्वय स्थापित कर बेहतर पुलिसिंग का आश्वासन दिया.
गौरतलब है कि शनिवार को हुए तबादले में चांडिल सर्किल इंस्पेक्टर के रूप में राजेश कुमार सिंह, गम्हरिया थाना प्रभारी के रूप में रामचंद्र रजक, ट्रैफिक इंस्पेक्टर के रूप में राजू, राजनगर थाना प्रभारी के रूप में विपुल ओझा, आमदा ओपी प्रभारी के रूप में रामरेखा पासवान और सिनी ओपी प्रभारी के रूप में विनय कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति की गई है. सभी अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से पदभार संभाल लिया है.

