जमशेदपुर/ Afroz Mallik परसुडीह स्थित किताडीह में मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत 12 जनवरी को आयोजित होने वाले रोजगार मेला को लेकर प्रचार- प्रसार तेज कर दिया गया है. इसी क्रम में शनिवार को किताडीह मोहर्रम इमामबाड़ा के समीप हरी झंडी दिखाकर प्रचार रथ को रवाना किया गया. यह रथ क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में भ्रमण कर युवाओं को रोजगार मेला और मुख्यमंत्री सारथी योजना की जानकारी देगा.

रथ रवाना कार्यक्रम में झामुमो महिला नेत्री पुष्पा कोर, अंजू सोरेन, तरन्नुम, कार्तिक झा सहित कई पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे. सभी ने संयुक्त रूप से रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पूर्वी किताडीह पंचायत के उपमुखिया मैनुल खान ने बताया कि मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत 12 जनवरी को रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा. इस मेले में युवाओं को प्रशिक्षण, स्वरोजगार और रोजगार से जुड़े विभिन्न अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे. उन्होंने क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेला में पहुंचकर योजना का लाभ उठाने की अपील की.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से इस तरह की योजनाएं चला रही है, ताकि उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें. प्रचार रथ के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा युवाओं तक जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.
रथ रवाना कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों और युवाओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली. आयोजन को सफल बनाने में सभी के सहयोग की सराहना की गई.

