चतरा: जिला प्रशासन के प्रयासों के बावजूद जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. तेज गति और अनियंत्रित वाहनों की चपेट में आकर लगातार लोग जान गंवा रहे हैं. ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के धमनियां मोड़ का है. यहां तेज रफ्तार गैस लदे वाहन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान आरा गांव निवासी प्रह्लाद सिंह के रूप में हुई है. वह स्थानीय सांसद कालीचरण सिंह के चचेरे भाई बताए जा रहे हैं.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रह्लाद सिंह सड़क किनारे पैदल चल रहे थे. इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही सांसद कालीचरण सिंह और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर थाना ले जाया गया है.
थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है. घटना के बाद गांव में शोक की लहर है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों ने धमनियां मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है.

