चतरा: जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटीकेवालखूर्द पंचायत के असनाडाहा टोला निवासी संजू भारती ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. घटना के 9 दिनों बाद संघरी घाटी स्थित जंगल से मृतक का कंकाल बरामद किया गया है. जिले के एसपी सुमित अग्रवाल के निर्देश पर एसडीपीओ संदीप सुमन के नेतृत्व में गठित एसआईटी टीम ने इस मामले का सफल उद्वेदन किया है.

पुलिस ने पूरे मामले में मृतक की पत्नी रीता देवी और हत्याकांड में संलिप्त उसके प्रेमी के दोस्त निशु कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. निशु कुमार को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय से गिरफ्तार किया गया है. इस हत्याकांड में कुल छह लोगों की संलिप्तता पाई गई है, जिनमें से चार अन्य फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
घटना के दिन संजू भारती अपने घर से पंजाब नेशनल बैंक डुमरी शाखा रुपए की निकासी करने के लिए निकला था. इसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया. मामले की सूचना मिलने पर मृतक के भाई संजय भारती ने हंटरगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जब जांच शुरू की तो मृतक की पत्नी के प्रेम प्रसंग की जानकारी सामने आई.
इसके बाद पुलिस ने पत्नी रीता देवी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की. पूछताछ में ही हत्या की पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ. रीता देवी ने पुलिस को बताया कि उसका प्रेम गांव के एक युवक से था, लेकिन परिवार वालों ने जल्दबाजी में उसकी शादी एक दिव्यांग युवक संजू भारती से कर दी थी.
यह बात उसे लगातार नागवार गुजर रही थी.
पुलिस के अनुसार, आरोपी पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके दोस्तों को पति के घर पर होने की सूचना दी थी. इसके बाद स्कॉर्पियो गाड़ी से संजू भारती का अपहरण किया गया.
उसके बाद पीट- पीट कर उसकी हत्या कर दी गई और शव को चतरा- डोभी मुख्य मार्ग एनएच-22 पर स्थित संघरी घाटी की खाई में फेंक दिया गया.
इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए और गाड़ी को जंगल में छुपा दिया गया.
एसडीपीओ संदीप सुमन ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि यह पूरा हत्याकांड एक सुनियोजित साजिश का परिणाम था. पत्नी के अवैध प्रेम संबंध और पति द्वारा विरोध किए जाने के कारण उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई थी. पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

