चतरा: पुलिस को मिली गुप्त सूचना ने जिले में सक्रिय नशे के सौदागरों की बड़ी साजिश को विफल कर दिया है. झारखंड- बिहार सीमा के पास हंटरगंज थाना पुलिस ने 2.800 किग्रा अवैध अफीम के साथ अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल, एक बिना नंबर की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल और एक होंडा डीईओ स्कूटी भी जब्त किया है.

पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ सदर संदीप सुमन के नेतृत्व में हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार, एसआई पुरुषोत्तम अग्निहोत्री, एसआई रूपेश कुमार राय तथा सशस्त्र बल की संयुक्त टीम का गठन किया गया था. टीम ने गोसांईडीह सड़क पर सघन वाहन जांच के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रोका और पांचों अभियुक्तों को पकड़ लिया गया.
तलाशी के दौरान गौतम कुमार के पास से विभिन्न कंपनियों के दो एंड्राइड मोबाइल और 1.510 किग्रा अवैध अफीम बरामद हुई. वहीं ललन कुमार के पास से 1.290 किग्रा अफीम जप्त किया गया. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अफीम तस्करी की बात स्वीकार की है.
एसपी ने बताया कि गिरोह लंबे समय से ट्रेन के माध्यम से अफीम की खेप दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पंजाब भेजता आ रहा था. गिरोह में शामिल कई सदस्यों के पुराने एनडीपीएस मामलों का रिकॉर्ड भी पाया गया है. पुलिस ने गिरोह से जुड़े अन्य माफियाओं और सफेदपोश सहयोगियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान जारी रखा गया है.
पुलिस ने कहा कि इस सफलता से न केवल तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा गया है, बल्कि उनके आर्थिक स्रोतों पर भी करारा प्रहार किया गया है. आगे भी संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी जारी रखी जाएगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
