चतरा: जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र से लापता 14 वर्षीय मुन्नी का शव 28 दिन बाद पास के जंगल से बरामद हुआ है. इस घटना ने गिद्धौर थाना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

जानकारी के अनुसार, मुन्नी पिछले 28 दिनों से लापता थी. परिजनों का आरोप है कि इतने लंबे समय तक चली जांच के बावजूद पुलिस बच्ची का कोई ठोस सुराग नहीं ढूंढ सकी. अंततः परिजनों ने खुद तलाश शुरू की और तांत्रिक की बताई जगह पर जंगल में खोजबीन की. इसी दौरान घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर बच्ची का शव बरामद हुआ.

शव मिलने के बाद परिजनों ने गिद्धौर थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल पर डॉग स्क्वाड की भी मदद ली जा रही है ताकि मामले की परतें खोली जा सकें.
सूत्रों के अनुसार, शव क्षत- विक्षत अवस्था में मिला है. आशंका जताई जा रही है कि दो- तीन दिन पूर्व ही हत्या कर शव को जंगल में फेंका गया. यह भी चर्चा है कि हत्या से पहले बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया हो सकता है. हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
परिजनों का कहना है कि पुलिस ने पहले भी इसी इलाके में सर्च अभियान चलाया था, इसके बावजूद शव बरामद नहीं हो सका. इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस की जांच प्रक्रिया और सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल पुलिस के वरीय अधिकारी मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रहे हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.

