चतरा: जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. घटना इटखोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चतरा- इटखोरी मुख्यपथ की है. जहां रविवार अहले सुबह हुए सड़क हादसे में एक बाराती की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

मिली जानकारी के अनुसार इटखोरी थाना क्षेत्र के सिरमतपुर गांव से बारात प्रतापपुर गई थी. विवाह समारोह के बाद सभी लोग मारुती अर्टिगा कार से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान पितिज के पास चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई.
बताया जा रहा है कि कार में कुल आठ लोग सवार थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनोज राम (40 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं मदेश कुमार, अभय राम, राहुल कुमार और आर्यन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को इटखोरी स्वास्थ्य उपकेंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही इटखोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है.

