छपरा: शहर में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन से ठीक एक दिन पहले दो अलग- अलग घटनाओं ने प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बुढ़िया माई मंदिर के समीप मंगलवार को हुए सड़क दुर्घटना में एक अज्ञात युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़ा हुआ था. स्थानीय लोगों की सूचना पर उसे आनन- फानन में सदर अस्पताल, छपरा में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के अनुसार युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. वह न तो होश में है और न ही अपनी पहचान बता पाने की स्थिति में है.

घायल युवक के पास से कोई मोबाइल फोन या पहचान से संबंधित दस्तावेज भी बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है. सूचना मिलने के बाद पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और युवक की पहचान कराने का प्रयास शुरू किया. आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना भेजी गई है और आम लोगों से पहचान में सहयोग की अपील की जा रही है.
इसी बीच मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों के तहत सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक हाईवा ट्रक ने एक महिला को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में अफरा- तफरी मच गई.
महिला की मौत से आक्रोशित लोगों ने करीब दो घंटे तक काम बंद करा दिया. सूचना के बाद प्रशासनिक और वरीय अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति को शांत कराया गया. इसके बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. एक ही दिन में हुई इन दोनों घटनाओं ने मुख्यमंत्री आगमन से पहले सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

