चांडिल: अनुमंडल कार्यालय के सभागार कक्ष में शुक्रवार को आपदा प्रबंधन को लेकर जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित किया गया. बैठक में बाढ़ से निपटने के लिए सभी विभागों में समन्वय और सूचना तंत्र को सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया.

एसडीओ विकास कुमार राय ने स्वर्णरेखा बहुउद्देशीय परियोजना के चांडिल अवर प्रमंडल के एसडीओ जयंत कुमार को निर्देश दिया कि चांडिल बांध का जलस्तर 179 मीटर से नीचे रखा जाए ताकि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न न हो और लोगों को आर्थिक नुकसान न हो.
विभागीय कुशल प्रबंधन से आपदा को रोका जा सकता है: एसडीओ
एसडीओ ने कहा कि विभागीय कुशल प्रबंधन से आपदा को रोका जा सकता है. उन्होंने किसी भी आपदा से निपटने और कम से कम जान- माल की क्षति के लिए स्वर्णरेखा विभाग समेत अन्य विभाग के अधिकारियों को पुख्ता तैयारी रखने का निर्देश दिया.
भाजपा नेता सह पूर्व जिला परिषद सदस्य देवाशीष राय एवं भाजपा नेता प्रभात पोद्दार ने चांडिल बस स्टैंड के समीप जल जमाव की समस्या उठाई और रेलवे फाटक से लेकर दालग्राम जोड़ियां तक पक्की नाली निर्माण कराने की मांग की.
एसडीओ ने बीडीओ को दिया निर्देश.
एसडीओ विकास कुमार राय ने बीडीओ चांडिल को पक्की नाली निर्माण के स्थान चिन्हित कर प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिया. बैठक में जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, जिप सदस्य ज्योतिलाल बेसरा, सविता मार्डी और अन्य लोग मौजूद थे.

