चांडिल/ Afroz Mallik शुक्रवार तड़के थाना क्षेत्र अंतर्गत कंदरबेड़ा चौक से डोबो जाने वाले मार्ग पर स्थित गीतिलबेड़ा नदी किनारे एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. मृतका की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है.

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि महिला की मौत नदी में डूबने से हुई है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. पुलिस द्वारा आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है और महिला की पहचान कराने का प्रयास जारी है.
घटनास्थल पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया गया है. पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

