चांडिल: बढ़ती ठंड और शीत लहर के बीच चांडिल क्षेत्र में जरूरतमंदों के लिए राहत की पहल सामने आई है. चांडिल के हुमीद स्थित बीएसआईएल अंतर्गत संचालित वनराज स्टील प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सोमवार को सीएसआर फंड के तहत 400 असहाय महिला और पुरुषों के बीच कंबल का वितरण किया गया.

कंबल वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सविता महतो उपस्थित रहीं और उन्होंने स्वयं जरूरतमंदों के बीच कंबल बांटे.
इस मौके पर विधायक सविता महतो ने कहा कि ठंड के मौसम में कंबल गरीब और असहाय लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि ठंड से बचाव के लिए कंबल का नियमित उपयोग करें और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें.
विधायक ने कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में लगातार जरूरतमंदों को चिन्हित कर कंबल वितरण का कार्य किया जा रहा है, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड से परेशान न रहे. कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उद्योगों की सामाजिक जिम्मेदारी निभाने से समाज के कमजोर वर्गों को सीधा लाभ मिलता है. वनराज स्टील प्राइवेट लिमिटेड की इस पहल को क्षेत्र में सामाजिक सरोकार से जुड़ा अहम कदम माना जा रहा है.

