चांडिल/ Afroj Mallick आगामी 8 अक्टूबर 2025 को चांडिल अनुमंडल मुख्यालय में होने वाले वृहद् धरना- प्रदर्शन की तैयारियां जोर- शोर से चल रही हैं. आयोजन स्थल पर विशाल पंडाल का निर्माण कार्य तेजी से जारी है, जहां हजारों की संख्या में लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है.


आदिवासी सामाजिक संगठन के प्रमुख सदस्य रविन्द्र सरदार ने सोमवार को अपने साथियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने मंच निर्माण, जलपान व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और पंडाल की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया. रविन्द्र सरदार ने बताया कि यह धरना- प्रदर्शन आदिवासी समाज के अधिकार, भूमि सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के समुचित क्रियान्वयन की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा, लेकिन समाज की आवाज़ को मजबूती से उठाएगा. इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ता, युवा साथी और समाज के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे. सभी ने तैयारियों पर संतोष जताया और इसे आदिवासी एकता व सामाजिक जागरूकता का प्रतीक बताया.
आयोजन की सफलता के लिए स्वागत समिति, भोजन समिति, सुरक्षा समिति और प्रचार समिति का गठन किया गया है, जो अपनी- अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. इस धरना- प्रदर्शन के दौरान नेतृत्वकर्ताओं का संबोधन और स्थानीय मुद्दों पर जनचर्चा भी होगी. कुर्मी/ कुडमी जाति को एसटी सूची में शामिल करने के विरोध में भी आवाज़ बुलंद की जाएगी. अंत में रविन्द्र सरदार ने समाज के सभी लोगों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक धरना- प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
