चांडिल: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर चांडिल अनुमंडल में सोमवार को राष्ट्रीय पर्व उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया. कटिया स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में झंडारोहण के साथ विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला.

समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार राय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की और उपस्थित लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं.
इसके बाद विद्यालयी छात्र- छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की गई, जिसने अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया. कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चांडिल एवं ईचागढ़ की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत बैंड प्रदर्शन समारोह का मुख्य आकर्षण रहा.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान देशभक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने संविधान, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया. एक छात्र की भावपूर्ण गायन प्रस्तुति से प्रभावित होकर अनुमंडल पदाधिकारी ने उसकी एक वर्ष की विद्यालय फीस वहन करने की घोषणा की. इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ स्वागत किया.
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों और टीमों को सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा. इससे पहले अनुमंडल मुख्यालय में भी एसडीओ द्वारा झंडोत्तोलन किया गया. गणतंत्र दिवस के अवसर पर अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना, प्रखंड- सह- अंचल कार्यालय, वन विभाग, विद्युत विभाग सहित विभिन्न सरकारी एवं गैर- सरकारी संस्थानों में भी ध्वजारोहण कर संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई.
पूरे क्षेत्र में दिनभर देशभक्ति और उत्सव का वातावरण बना रहा.

