चांडिल: प्रखंड क्षेत्र के रुचाप स्थित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के ननिहाल में रविवार को झारखंड आंदोलन के पुरोधा दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन एवं शहीद सांसद सुनील महतो की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई.
जयंती समारोह के अवसर पर केक काटकर इस दिन को विशेष रूप से यादगार बनाया गया और दोनों महान नेताओं के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया.

कार्यक्रम में ईचागढ़ विधायक सविता महतो एवं झामुमो केंद्रीय सदस्य गुरुचरण किस्कू ने संयुक्त रूप से स्कूली बच्चों के बीच कॉपी, कलम एवं टॉफी का वितरण किया. इसके अलावा जरूरतमंद बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों के बीच सैकड़ों कंबलों का वितरण कर सामाजिक सरोकार का संदेश भी दिया गया.
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने स्व. शिबू सोरेन एवं शहीद सांसद सुनील महतो के संघर्ष, आदर्श, विचारधारा और झारखंड राज्य के निर्माण में उनके योगदान को याद किया. उन्होंने उनके पदचिन्हों पर चलते हुए समाज और देश की सेवा करने का संकल्प लिया.
इस अवसर पर झामुमो नेता ओम प्रकाश लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलु महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, प्रो. पीसी महतो, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा महतो, नितेश वर्मा, संतोष किस्कू, लखीद्र किस्कू, अर्जुन सिंह मुंडा, सुदामा हेम्ब्रम, राजू किस्कू, धर्मू गोप, विशाल गोप, सोमाय टुडू, राहुल वर्मा, शिबू महतो, बादल महतो, टिंकू बेसरा, शंकर लायेक, मिलन तंतुवाई सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे.
कार्यक्रम ने न केवल नेताओं की यादें ताजा की, बल्कि समाज में सेवा, समर्पण और सामाजिक न्याय के संदेश को भी पुनः स्थापित किया.

