चांडिल/ Vikash Thakur सरायकेला- खरसावां जिले के तिरुलडीह स्थित स्वर्णरेखा घाट पर खनन विभाग ने अवैध बालू उत्खनन और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. खान निरीक्षक समीर ओझा के नेतृत्व में व्यापक जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया गया.

जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से बालू भंडारण की शिकायतें मिल रही थीं. इसी क्रम में खनन विभाग की टीम तथा तिरुलडीह थाना प्रभारी ने स्वर्णरेखा घाट के अलग- अलग स्थलों पर पहुंचकर जांच की. जांच के दौरान स्वर्णरेखा नदी के दोनों किनारों पर जेसीबी मशीन से खुदाई कर अवैध रूप से उठाए जा रहे बालू पर रोक लगाने के लिए रास्तों को अवरुद्ध कर दिया गया.
अधिकारियों ने पाया कि कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर बालू का भंडारण किया गया था. विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध उत्खनन और भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है तथा उनके विरुद्ध विधि- सम्मत कार्रवाई की जाएगी. साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में भी इस प्रकार का अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके.
खनन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध खनन की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.

