चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल के कुकड़ू प्रखंड के चौकेगाड़िया स्थित कुकड़ू फुटबॉल मैदान में आयोजित दो दिवसीय आंचलिक फुटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ समापन हो गया. फाइनल मैच जेकेएस चींगड़ा और डीजीटल सेवा डुमटांड़ (राजेश ग्रुप) के बीच खेला गया, जिसमें डीजीटल सेवा डुमटांड़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक गोल से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया.

फाइनल मुकाबले का उद्घाटन पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साहू, झारखंड अधिविध परिषद सदस्य डॉ. अरुण कुमार महतो, प्राचार्य उपेन महतो, समाजसेवी बसंत पोद्दार, प्रेस क्लब सरायकेला के संरक्षक संतोष कुमार, वरिष्ठ पत्रकार अरुण माझी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कृतिवास महतो, मंगल सिंह मुंडा, आजसू प्रखंड अध्यक्ष अरुण महतो और भाजपा मंडल अध्यक्ष भरत चंद्र महतो सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं राष्ट्रगीत के साथ किया.
मैच के दौरान दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन निर्णायक क्षणों में डीजीटल सेवा डुमटांड़ की टीम ने बेहतर तालमेल और रणनीति का परिचय देते हुए बढ़त बनाई और जीत सुनिश्चित की.

उद्घाटन और समापन समारोह में मौजूद अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और आपसी सौहार्द विकसित करता है. ग्रामीण स्तर की ऐसी प्रतियोगिताएं छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं.
फाइनल मुकाबले को देखने के लिए मैदान में हजारों की संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. आयोजन समिति की ओर से पुरस्कार वितरण के दौरान विजेता टीम डीजीटल सेवा डुमटांड़ को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता जेकेएस चींगड़ा को 75 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी दी गई. वहीं तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को 40-40 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई.

इसके अलावा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर को साइकिल, जर्सी और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता के सफल आयोजन में कुकड़ू अंचल फुटबॉल कमेटी और स्थानीय खेल प्रेमियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. आयोजन समिति ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रतियोगिता संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
मौके पर आयोजन समिति के विष्णु कुमार, सचिदानंद महतो, रामभजन कुमार, बादल महतो, नरोत्तम गोप, मेघनाथ महतो, विभीषण योगी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे. इस दौरान पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. सुबह से ही थाना प्रभारी कौशल कुमार एवं उनकी टीम आयोजन स्थल के आसपास डटे रहे.

