चांडिल/ Bikash Thakur अनुमंडल के कुकड़ू प्रखंड के चौड़ा (पोड़का) मैदान में आईपीएल की तर्ज पर आयोजित सीपीएल- चौड़ा प्रीमियर लीग का गुरुवार को भव्य समापन हुआ. फाइनल मुकाबले में एसएम ब्रदर्स क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जेबीभीएनएल जागुआर को पराजित कर खिताब अपने नाम किया.

फाइनल मुकाबले का शुभारंभ पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव उर्फ माझी साव ने फीता काटकर एवं बल्लेबाजी कर किया. इस अवसर पर कुकड़ू प्रखंड उप प्रमुख मोहम्मद एकराम, सीपीएल चेयरमैन शानेवर अंसारी, उप मुखिया लाल मोहम्मद अंसारी, तिरुलडीह थाना के सब इंस्पेक्टर कार्तिकेय सिंह और सहायक सब इंस्पेक्टर रंजीत प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे.

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एसएम ब्रदर्स क्रिकेट क्लब ने 16 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 187 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. टीम की ओर से प्रमोद ने 39 गेंदों में ताबड़तोड़ 78 रन की शानदार पारी खेली. इसके अलावा विवेक ने 43 रन, हिमांशु ने 33 रन, शहयाद ने 23 रन और अवनी ने 6 रन का योगदान दिया. जवाबी पारी में लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेबीभीएनएल जागुआर की टीम दबाव में आकर बिखर गई और पूरी टीम महज 98 रन पर सिमट गई. इस तरह एसएम ब्रदर्स ने 89 रन से शानदार जीत दर्ज कर सीपीएल टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम की.
समापन समारोह में विजेता टीम एसएम ब्रदर्स को 30 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता टीम जेबीभीएनएल जागुआर को 25 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. फाइनल मुकाबले का मैन ऑफ द मैच प्रमोद को दिया गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट का मैन ऑफ द सीरीज दिशा इलेवन के नीलू पोद्दार को घोषित किया गया, जिन्हें साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया.

गौरतलब है कि 10 दिसंबर से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में कुल 8 टीमों के 114 खिलाड़ियों ने भाग लिया. समापन समारोह में मुखिया प्रतिनिधि रामलाल सिंह मुंडा, झामुमो नेता अब्दुल रशीद अंसारी, बनारसी रजक, सद्दाम हुसैन, बसंत पोद्दार, गोराचांद सिंह मुंडा, अजहरुद्दीन अंसारी, रामभजन कुमार, मायमुर सुल्तान, नारायण पोद्दार, नाहिद हुसैन सहित हजारों की संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे.

