चांडिल/ Afroz Mallik थाना क्षेत्र अंतर्गत पारडीह काली मंदिर के समीप रविवार सुबह करीब 8:00 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिससे इलाके में अफरा- तफरी मच गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार मालवाहक टाटा मैजिक टेम्पु और काले रंग की एक कार के बीच आमने- सामने की जोरदार टक्कर हो गई.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि काले रंग की कार गुलाटी खाते हुए पलट गई. इस हादसे में टाटा मैजिक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया. सूत्रों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त काली कार किसी विधायक के भाई की बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है.

