चांडिल/ Afroz Mallik ईचागढ़ के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सह समाजसेवी खोगेन महतो सोमवार दोपहर जमशेदपुर जाने के क्रम में एक गंभीर सड़क दुर्घटना का शिकार होने से बाल- बाल बच गए. घटना चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बीरीगोड़ा के पास उस समय हुई, जब आंध्र प्रदेश नंबर की एक ट्रक ने उनकी काले रंग की स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक ने स्कॉर्पियो को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए बीरीगोड़ा कैनाल के पास जाकर रोका. हादसे के बाद स्थानीय लोगों में अफरा- तफरी मच गई. हालांकि गनीमत यह रही कि खोगेन महतो सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है, लेकिन उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है.
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि खोगेन महतो चौका थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. हादसे की खबर मिलते ही उनके समर्थकों और क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है.

