चांडिल/ Afroj Mallick

सरायकेला- खरसावां जिला के चांडिल थाना परिसर में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया. थाना प्रभारी डिलसन बिरूआ ने विधिवत राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी.
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई. इसके बाद पूरा थाना परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा. इस अवसर पर चांडिल थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे.
झंडोत्तोलन के उपरांत अपने संबोधन में थाना प्रभारी डिलसन बिरूआ ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने और देश की एकता व अखंडता बनाए रखने की प्रेरणा देता है. उन्होंने आम नागरिकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.
समारोह के दौरान देश के शहीदों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई. साथ ही समाज में शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया गया. पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ.

