चांडिल: डैम रोड स्थित नवनिर्मित विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल भवन का उद्घाटन शनिवार को ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने विधिवत फीता काटकर किया. उद्घाटन समारोह में विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे.

इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि चांडिल क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया गया है. उन्होंने कहा कि भवन के शुरू हो जाने से विद्युत विभाग से जुड़े सभी कार्य एक ही छत के नीचे सुचारू रूप से संचालित किए जा सकेंगे, जिससे आम लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि इससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत और प्रभावी होगी.
विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना और जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है. विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल भवन का उद्घाटन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों ने विधायक का स्वागत किया. मौके पर विद्युत विभाग के जीएम अजीत कुमार, कार्यपालक अभियंता लाल जी महतो, चांडिल के सहायक विद्युत अभियंता कालीनाथ सिंह मुंडा, कनीय अभियंता बलराम हांसदा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
वहीं राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से झामुमो के केंद्रीय सदस्य गुरुचरण किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलु महतो, शंकर लायेक, राहुल वर्मा, मेहताब आलम समेत अनेक गणमान्य लोग समारोह में शामिल हुए.

