चांडिल/ Vikash Thakur होली पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर चांडिल थाना परिसर में रविवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी डिल्सन बिरुआ ने की. इसमें जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

बैठक में पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान हुड़दंग, शराब पीकर उत्पात मचाने तथा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. विशेष रूप से बाइक पर स्टंट करने या खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी. नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
प्रशासन ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और नियमित गश्त बढ़ाई जाएगी. साथ ही सीसीटीवी कैमरों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी सतत निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की भ्रामक सूचना या विवाद की स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया जा सके.
बैठक में उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे आपसी भाईचारे, सद्भाव और कानून का पालन करते हुए होली मनाएं. सभी समुदायों के सहयोग से ही पर्व की खुशियां शांति और सौहार्द के साथ कायम रह सकती हैं.

