चांडिल: नौरंगराय सूर्यादेवी ट्रस्ट, कोलकाता की इकाई ने चांडिल में नौरंगराय सूर्यादेवी नृत्य, संगीत एवं गायन अकादमी का विधिवत उद्घाटन किया. इस अवसर पर दैनिक हिंदुस्तान के संपादक गणेश कुमार मेहता, समाजसेवी हिकीम चंद्र महतो और विद्यालय के सचिव डॉ. शिशिर चटर्जी उपस्थित रहे और उन्होंने उद्घाटन किया.

अकादमी का उद्देश्य ग्रामांचल के युवा प्रतिभाओं को साधन और संसाधनों से लैस करना और उनकी प्रतिभा को विश्व स्तर पर पहचान दिलाना है. अकादमी का संचालन चांडिल थाना के सामने पुराने शिशु मंदिर स्कूल भवन में किया जाएगा. उद्घाटन समारोह रविवार को नौरंगा सूरज देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से सम्पन्न हुआ.

इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों ने तबला, गिटार और शास्त्रीय संगीत का प्रदर्शन किया. फिलहाल अकादमी प्रत्येक रविवार कक्षाएं संचालित करेगी, जिसमें अनुभवी प्रशिक्षक प्रशिक्षणार्थियों को मार्गदर्शन देंगे. ट्रस्ट ने बताया कि इससे ग्राम अंचल की विलुप्त होती प्रतिभाओं को उड़ान देने का अवसर मिलेगा और पर्व-त्योहारों के अवसर पर गांव-गांव में नाटक और संगीत कार्यक्रम पुनः प्रोत्साहित होंगे.
अभिभावकों के लिए यह अकादमी अपने बच्चों को संगीत, नृत्य, गिटार और तबला सीखने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी और बच्चों की प्रतिभा को खोजने में अहम भूमिका निभाएगी.

