चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल के नीमडीह प्रखंड के आदरडीह दुर्गा मंदिर प्रांगण में गुरुवार को पांच मौजा के जमीन दाताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें एसएम स्टील एंड पावर लिमिटेड को लेकर संयुक्त रूप से प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई.


जमीन दाताओं ने बताया कि लगभग चार वर्ष पूर्व गांव के अधिकांश परिवार बेरोजगारी और आजीविका संकट के कारण पलायन करने को विवश थे. ऐसे समय में एसएम स्टील एंड पावर लिमिटेड ने क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, जिससे लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार और विकास के अवसर मिल सकें.
ग्राम सभा की स्वीकृति और रैयतदारों की सहमति से कम्पनी को जमीन हस्तांतरित की गई. सभी लेन- देन कानूनी दस्तावेज़ों और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किए गए हैं. कम्पनी का कार्यालय आदरडीह में ही स्थित है और जमीन दाताओं से सीधा सम्पर्क रखकर कार्य किया जा रहा है.
बैठक में उपस्थित रैयतदारों ने बताया कि हाल के दिनों में कुछ बाहरी तत्व भ्रामक बयान देकर माहौल को दूषित करने का प्रयास कर रहे हैं. जमीन दाताओं ने स्पष्ट कहा कि “जिनका एक धूर भी जमीन नहीं गया है, वही विरोध में लगे हैं.” उन्होंने कहा कि कम्पनी को जमीन स्वेच्छा से दी गई है ताकि पलायन रुके और विकास को गति मिले.
जमीन दाताओं ने सभी से अपील की कि क्षेत्र के विकास, उद्योग स्थापना और रोजगार सृजन के पक्ष में एकजुट होकर सहयोग करें. उन्होंने कहा कि जब तक कम्पनी स्थापित नहीं होगी, तब तक रोजगार और विकास दोनों संभव नहीं हैं.
अंत में पांचो मौजा के रैयतदारों ने सामूहिक रूप से कहा
“हमने तो अपनी जमीन दे दी है, अब कम्पनी को हमें और हमारे वारिसों को रोजगार देना है. इसलिए सभी लोग शांति बनाकर कम्पनी स्थापना में सहयोग करें और गलत बयानबाजी से बचें.”

