चांडिल/ Vikash Thakur झारखंड आंदोलन के इतिहास में दर्ज तिरुलडीह गोलीकांड की याद एक बार फिर ताजा होने जा रही है. इस घटना में शहीद हुए वीर सपूत अजीत महतो और धनंजय महतो की 43वीं शहादत दिवस पर मंगलवार को तिरुलडीह शहीद स्थल पर भव्य श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी.

कार्यक्रम में ईचागढ़ की विधायक साविता महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी. वे शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी. आयोजन की शुरुआत सुबह 7:00 बजे शहीद वेदी पर पुष्पांजलि के साथ होगी. इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया जाएगा.

दोपहर 1:00 बजे से बातासी महतो और झूमर दल पुरूलिया द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा. इस कार्यक्रम में शहीदों के संघर्ष और बलिदान पर आधारित लोकगीत और नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे नई पीढ़ी को झारखंड आंदोलन की प्रेरणा मिलेगी. पूरे आयोजन की जिम्मेदारी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रखंड समिति, कुकड़ू ने संभाली है. समिति ने बताया कि श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी, छात्र, महिला समूह और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल होंगे.
विधायक साविता महतो ने कहा कि तिरुलडीह गोलीकांड झारखंड आंदोलन के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है. शहीद अजीत महतो और धनंजय महतो जैसे वीर सपूतों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार शहीदों के सपनों का झारखंड बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जहाँ गरीब, किसान, आदिवासी और नौजवानों का सम्मान सर्वोपरि रहेगा. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोग शहीदों के पदचिह्नों पर चलने और उनके आदर्शों को जन- जन तक पहुँचाने का संकल्प लेंगे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
