चांडिल/ Vikash Thakur शहरबेड़ा हादसे पर प्रशासन की लापरवाही बताने वालों को राज्य के पूर्व मंत्री और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने करारा जवाब दिया है. घटना की सूचना पर शहर बेड़ा नदी घाट पहुंचे सरयू राय ने बताया कि जब प्रशासन द्वारा पूर्व से उक्त घाट को डेंजर जोन घोषित किया गया था तब भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां पहुंचे और यह हादसा हो गया. इसके लिए प्रशासन को दोषी ठहरना कहीं से भी उचित प्रतीत नहीं होता. हमारी पहली प्राथमिकता लापता हुए तीसरे युवक की खोज करना है ना कि आरोप प्रत्यारोप के जरिए प्रशासन के मनोबल को नीचा दिखाना है.

सरयू राय बताया कि उन्होंने पूरी घटना की जानकारी जिले के उपायुक्त से ली है. उन्होंने कहा कि हमने उपायुक्त को निर्देश दिया है कि लापता युवक की तलाश में अपनी सारी मशीनरी लगाए ताकि परिजनों को थोड़ी राहत मिल सके. उन्होंने घटना पर अपनी संवेदना प्रकट की और कहा कि इस हादसे के लिए पूरी तरह से प्रशासन को जिम्मेदार ठहरना उचित नहीं है. प्रशासन अपना काम कर रही है.
मालूम हो कि सोमवार को संध्या अर्ध्य के दौरान नहाने के क्रम में आर्यन यादव (11) गहरे पानी में चला गया उसे बचाने के क्रम में उसके पिता संजय यादव एवं परिवार के अन्य सदस्य प्रतीक यादव ने छलांग लगा दी. तीनों को डूबता देख घाट पर मौजूद चांडिल पुलिस के एक जवान ने भी नदी में छलांग लगा दी मगर पानी का बहाव तेज होने के कारण असफल रहे. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया. उपयुक्त नीतीश कुमार सिंह पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत सहित तमाम प्रशासनिक पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से आर्यन के शव को देर शाम बरामद कर लिया.
वहीं संजय यादव एवं प्रतीक की खोज में पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया मगर सफलता नहीं मिली. मंगलवार सुबह संजय यादव का शव एनडीआरएफ ने बरामद किया जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जबकि प्रतीक की तलाश जोर- शोर से जारी है. बताया जाता है कि संजय यादव और आर्यन यादव पिता- पुत्र हैं दोनों आदित्यपुर के रायडीह बस्ती के रहने वाले हैं. अपने रिश्तेदार के घर छठ मनाने मानगो गए थे. घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है.
बता दें कि जिस जगह यह घटना घटी वहां प्रशासन ने पूर्व से ही डेंजर जोन घोषित कर रखा था बावजूद इसके बड़ी संख्या में श्रद्धालु शहरबेड़ा घाट पर जुट गए. जहां प्रशासनिक आदेशों को ना मानने की कीमत एक परिवार को चुकानी पड़ गई. विधायक सरयू राय ने कहा कि इस घटना से प्रशासन एवं जनमानस को सबक लेने की जरूरत है. भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए कड़े कदम उठाने की जरूरत है.
सरयू राय ( विधायक जमशेदपुर पश्चिम)

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
