चांडिल/ Vikash Thakur झारखंड राज्य के गौरवपूर्ण 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को चांडिल प्रखंड के रुचाप पंचायत में विधायक सविता महतो ने आबुआ आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को गृह प्रवेश कराया. इस मौके पर उन्होंने चार लाभुकों को आबुआ आवास योजना और पांच लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने घरों की चाभी सौंपी.

समारोह के दौरान विधायक सविता महतो ने फीता काटकर, नारियल फोड़कर और चाभी सौंपकर लाभुकों का विधिवत गृह प्रवेश कराया. इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच नवगृहप्रवेशित परिवारों का स्वागत किया.
विधायक ने कहा कि झारखंड सरकार की आबुआ आवास योजना का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराना है. प्रधानमंत्री आवास योजना और आबुआ आवास दोनों ही योजनाएं ग्रामीणों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं. उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि कोई भी परिवार बिना छत के न रहे.
सविता महतो ने लाभुकों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये आवास सिर्फ रहने की जगह नहीं बल्कि आत्मनिर्भरता और सम्मान का प्रतीक हैं. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाकी बचे पात्र लाभुकों तक भी योजना का लाभ शीघ्र पहुंचे.
इस अवसर पर अंचलाधिकारी प्रदीप महतो, उप प्रमुख रामकृष्ण महतो, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलु महतो, राहुल वर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे. कार्यक्रम के अंत में सभी लाभुकों ने विधायक और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
