चांडिल: अनुमंडल के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत टेंगाडीह पंचायत के रुपाडीह गांव में 3 सितंबर को एक दर्जन से अधिक लोग डायरिया से पीड़ित हो गए थे. इसकी सूचना झामुमो कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने विधायक सविता महतो को दी. मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने चिकित्सा प्रभारी और अंचल अधिकारी से बात कर गांव में तुरंत स्वास्थ्य शिविर लगाने का निर्देश दिया. जिसके बाद गांव में कैंप लगाकर मरीजों का इलाज शुरू हुआ.

रविवार को विधायक सविता महतो स्वयं रुपाडीह पहुंचीं और पूरे गांव का भ्रमण कर डायरिया पीड़ितों का हालचाल जाना. उन्होंने नीमडीह स्वास्थ्य केंद्र जाकर भर्ती मरीजों से मुलाकात की और चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

विधायक ने ग्रामीणों से अपील की कि भोजन को अच्छी तरह पकाकर खाएं और पानी उबालकर ही पिएं. साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांव में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाए, खराब पड़े चापाकल को दुरुस्त किया जाए और सोलर पानी टंकी को शीघ्र चालू किया जाए. इस मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलु महतो, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, सरत मंडल, उदय महतो, अनिल मांझी सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे.

