चांडिल/ Afroz Mallik क्षेत्र के कपाली नगर परिषद अंतर्गत वार्ड संख्या 19 निवासी मोहम्मद सोहराब के पुत्र मुस्ताक आलम, उम्र करीब 32 वर्ष, गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और पिछले दो वर्ष से अधिक समय से उनका इलाज जारी है. इलाज लंबा और खर्चीला होने के कारण अब परिवार की आर्थिक स्थिति पूरी तरह कमजोर हो चुकी है. ऐसे में परिवार ने झारखंड सरकार, सामाजिक संस्थाओं और राज्य के नागरिकों से मदद की अपील की है.

परिवार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मुस्ताक आलम की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही है. उन्हें सप्ताह में तीन दिन ब्रह्मानंद अस्पताल, तामोलिया में डायलिसिस कराना पड़ता है. डायलिसिस, दवाइयों, डॉक्टर की फीस और अन्य मेडिकल खर्चों ने परिवार पर भारी बोझ डाल दिया है. स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि परिवार अब इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ हो गया है.
पिता मोहम्मद सोहराब ने बताया कि वे करीब दो साल से बेटे का इलाज करा रहे हैं, लेकिन अब उनकी आर्थिक हालत बिल्कुल जवाब दे चुकी है. दिन पर दिन बेटे की हालत बिगड़ती जा रही है और यदि सरकार या किसी दानदाता की ओर से मदद मिल जाए तो बेहतर इलाज संभव हो पाएगा. उन्होंने बताया कि इलाज में परिवार की पूरी जमा-पूंजी खर्च हो चुकी है और अब घर चलाना भी मुश्किल हो गया है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि मुस्ताक आलम एक शांत स्वभाव और मेहनती युवक है. बीमारी ने उसके पूरे जीवन को प्रभावित कर दिया है. लोगों को उम्मीद है कि समाज के संवेदनशील लोग आगे आकर उसकी मदद करेंगे ताकि उसका जीवन बचाया जा सके. परिवार ने यह भी कहा कि यदि उन्हें किसी सरकारी योजना या स्वास्थ्य सहायता कोष से सहयोग मिल जाए तो इलाज सुचारु रूप से जारी रखा जा सकेगा. फिलहाल पूरा परिवार सभी से सहयोग और संवेदना की प्रतीक्षा कर रहा है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
