चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल के ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के बासाहातु स्थित मारांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा चौक पर शनिवार को उनके जन्म जयंती के अवसर पर प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया. यह अनावरण झारखंड के पूर्व मंत्री गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर और शिक्षाविद प्रो. प्रल्हाद महतो ने संयुक्त रूप से किया. अनावरण के बाद उपस्थित जनों ने माल्यार्पण कर महान नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की.

जयंती के अवसर पर पहान कालीपद सिंह मुंडा ने आदिवासी परंपरा के अनुसार पूजा- अर्चना की और प्रसाद वितरण किया. कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री राजा पीटर और अन्य अतिथियों ने बच्चों के बीच गाइड बुक और ज्ञानवर्धक पुस्तकें वितरित कीं. आयोजन समिति की ओर से सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए.

सभा को संबोधित करते हुए राजा पीटर ने कहा कि मारांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा ने आज़ादी के बाद अलग झारखंड राज्य के लिए सबसे पहले संगठित आंदोलन खड़ा किया और आदिवासी समाज को एकजुट करने का कार्य किया. उन्होंने एकीकृत बिहार सरकार में विपक्ष का नेतृत्व कर सत्ता को चुनौती दी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉकी में देश का प्रतिनिधित्व भी किया.
राजा पीटर ने कहा कि जिस उद्देश्य से झारखंड राज्य का गठन हुआ, आज भी आदिवासी समाज उससे वंचित है. महिलाएं अन्य राज्यों में घरेलू काम करने को मजबूर हैं और स्थानीय युवाओं को तृतीय व चतुर्थ श्रेणी की नौकरियों के लिए संघर्ष करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि मारांग गोमके की प्रतिमा नई पीढ़ी को संघर्ष, स्वाभिमान और अधिकारों के लिए प्रेरित करेगी.
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान काशीनाथ सिंह मुंडा, गुरुदेव सिंह मुंडा, अशोक उरांव, रामगोपाल मुंडा, रविंद्रनाथ सिंह मुंडा, रतनलाल सिंह मुंडा, मुखिया बिपिन सिंह मुंडा, पंसस परेश महली, अमित सिंह, कालीपद सिंह, विनोद सिंह, श्याम चांद, कार्तिक, ललित, सीताराम, मनोहर, राजेन सिंह मुंडा सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे.

