चांडिल/ Vikash Thakur सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत नीमडीह थाना क्षेत्र के लुपुंगडीह गांव के पास शुक्रवार की सुबह एक बड़ा हादसा टल गया. इंडियन गैस सिलेंडर से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा- तफरी का माहौल बन गया. ट्रक के पलटने से आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई, क्योंकि वाहन में बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर लदे हुए थे.

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह वाहन के अंदर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा सुबह के समय हुआ, जिससे सड़क पर ज्यादा आवाजाही नहीं थी. इसी कारण संभावित बड़ा हादसा टल गया.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना नीमडीह थाना पुलिस को दी.

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को अपने नियंत्रण में लिया. पुलिस ने ट्रक में लदे सभी गैस सिलेंडरों को सुरक्षित कब्जे में ले लिया, ताकि कोई भी व्यक्ति सिलेंडर को वहां से लेकर न जा सके और किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे.
हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ट्रक किस कारण से अनियंत्रित होकर पलट गया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सिलेंडरों में रिसाव या विस्फोट हो जाता, तो आसपास के इलाके में बड़ा हादसा हो सकता था. फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

