चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली ओपी अंतर्गत डोबो क्षेत्र में सरकारी जमीन की दलाली पर रोक लगने के बाद विवाद गहराता दिख रहा है. पुलिस का आरोप है कि जमीन माफिया अब प्रशासन को बदनाम करने के लिए स्थानीय लोगों को भड़का कर गुमराह करने में जुटे हैं.

जानकारी के अनुसार जिस जमीन को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है वह रुगड़ी मौजा में स्थित है. अनुमंडल प्रशासन द्वारा उक्त जमीन को सरकारी घोषित किया जा चुका है. इसपर रोक लगते ही कुछ जमीन कारोबारी, कथित सफेदपोश तत्व और चुनिंदा लोग सक्रिय हो गए हैं और ग्रामीणों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं.
पुलिस का कहना है कि पिछले करीब सात महीनों में डोबो क्षेत्र में मारपीट या गंभीर अपराध से जुड़ा केवल एक मामला सामने आया है. इसके बावजूद अपराध को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी सूरत में कब्जा नहीं होने दिया जाएगा.
ओपी प्रभारी ने सख्त लहजे में कहा है कि यदि किसी के द्वारा ग्रामीणों को गुमराह करने या पर्दे के पीछे बैठकर माहौल बिगाड़ने की साजिश साबित होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और सरकारी जमीन की खरीद-बिक्री से दूर रहें. साथ ही ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा रहा है जो मामले को बेवजह तूल देकर शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं.

